शादी की ज़िद में 120 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक

चंदेरी: चंदेरी क्षेत्र के ग्राम पांडरी में शनिवार शाम एक युवक प्रेमिका से शादी की ज़िद में 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब 16 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा रविवार सुबह 11:30 बजे खत्म हुआ, जब प्रशासन की लंबी समझाइश के बाद युवक आखिरकार नीचे उतर आया। मिली जानकारी के अनुसार, युवक का नाम शैलेंद्र 22 वर्ष है, जो जिला शिवपुरी के बामौर कला थाना क्षेत्र के नदावन गांव का निवासी है। शैलेंद्र अपने मामा के घर पांडरी में रह रहा था। शनिवार शाम करीब 7 बजे वह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया और प्रेमिका से शादी करवाने की मांग पर अड़ गया। रातभर परिजन, ग्रामीण और प्रशासनिक अधिकारी उसे समझाने में जुटे रहे, लेकिन युवक की एक ही जिद थी जब तक लड़की को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा और शादी नहीं करवाई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। ड्रामा के दौरान युवक ने कई बार टावर से कूदने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण रातभर घटनास्थल पर डटे रहे। रविवार सुबह प्रशासनिक टीम और परिजनों की समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।