13 साल में ऑस्ट्रेलिया में कभी टी-20 सीरीज नहीं हारा भारत
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच आज ब्रिस्बेन के द गाबा स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 1.45 बजे शुरू होगा, जिसका टॉस दोपहर 1.15 बजे होगा। 13 सालों में भारत ने ऑस्ट्रेलिया में कभी टी20 सीरीज नहीं गंवाई है, आज टीम के पास तीसरी बार सीरीज जीतने का मौका है। आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंजरी से उभरने के बाद चौथे टी-20 से वापसी की थी। वे आज का मुकाबला भी खेलेंगे। 5 टी-20 की सीरीज में भारत 2-1 से आगे है। पहला मैच बेनतीजा रहा था।
टी-20 में ऑस्ट्रेलिया पर हावी है टीम इंडिया
ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच अब तक 36 टी-20 खेले गए। 22 में भारत और महज 12 में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली। ऑस्ट्रेलिया में दोनों ने 16 मैच खेले, 9 में भारत और 5 में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली। सीरीज का दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता था। भारत ने तीसरे और चौथे मुकाबले को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बना ली।
अभिषेक दिला रहे तूफानी शुरुआत
टी-20 सीरीज के सभी मैचों में भारत को अभिषेक शर्मा ने तूफानी शुरुआत दिलाई है। वे 4 मुकाबलों में 159.09 के स्ट्राइक रेट से 140 रन बना चुके हैं। वरुण चक्रवर्ती 5 विकेट लेकर टीम के टॉप गेंदबाज बने हुए हैं। प्लेइंग-11 में बदलाव होने की संभावना कम ही है। एक्सपेरिमेंट के लिए शुभमन गिल की जगह संजू सैमसन से ओपनिंग कराई जा सकती है। शुभमन को 14 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज भी खेलना है, ऐसे में उन्हें आराम दिया जा सकता है।
ऑस्ट्रेलिया का कोई प्लेयर 100 रन नहीं बना सका
टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग फ्लॉप रही। टिम डेविड 89 रन बनाकर सीरीज में टीम के टॉप स्कोरर हैं। कप्तान मिचेल मार्श भी टीम को मजबूत शुरूआत नहीं दिला पा रहे हैं। गेंदबाजी में नाथन एलिस और एडम जम्पा से ही टीम को फिर एक बार उम्मीदें रहेंगी। ब्रिस्बेन के द गाबा स्टेडियम में 2006 से 2024 तक 11 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए। 8 में पहले बैटिंग और महज 3 में पहले बॉलिंग करने वाली टीमों को जीत मिली।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की पॉसिबल प्लेइंग-11
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मिचेल ओवेन, मार्कस स्टोयनिस, ग्लेन मैक्सवेल, जैवियर बार्टलेट, बेन ड्वारशस, नाथन एलिस और एडम जम्पा।
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।