राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से की 25 मिनट की आध्यात्मिक मुलाकात

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार सुबह वृंदावन के श्री हित राधा केली कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लगभग 25-27 मिनट तक आध्यात्मिक विषयों पर गहन चर्चा की।

राष्ट्रपति बारिश के बीच सुबह 7 बजे के आसपास परिवार के साथ आश्रम पहुंचीं। उन्होंने संत को प्रणाम किया और हाथ जोड़कर अभिवादन किया। प्रेमानंद महाराज ने ‘राधे-राधे’ कहकर उनका स्वागत किया। आश्रम में संतों ने उन्हें माला और चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने प्रेमानंद महाराज को उनके 56वें जन्मदिन (19 मार्च) की बधाई भी दी।

इस मुलाकात के समय राष्ट्रपति भावुक नजर आईं। कुटिया में यह चर्चा एकांत में हुई, जिसमें केवल राष्ट्रपति, उनके परिवार के सदस्य और संत के निकटतम शिष्य ही उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति के साथ उनकी बेटी इतिश्री मुर्मू, दामाद गणेश हेम्ब्रम तथा दोनों पोतियां आद्याश्री और नित्याश्री मौजूद थीं। आश्रम में उनके लिए विशेष कुर्सियां व्यवस्थित की गई थीं।

यह उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे का हिस्सा है। गुरुवार को राष्ट्रपति ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए और राम मंदिर के दूसरे तल पर रामयंत्र की स्थापना की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन्हें मंदिर निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी दी। राष्ट्रपति ने कहा कि प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर कदम रखना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

शाम को मथुरा पहुंचने के बाद उन्होंने इस्कॉन मंदिर में राधा-श्याम सुंदर की पूजा-अर्चना की, मंदिर की सजावट की सराहना की और बच्चों से बातचीत कर उन्हें चॉकलेट भी वितरित की। इसके बाद प्रेम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। आज प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के बाद राष्ट्रपति बाबा नीब करौरी महाराज के आश्रम जाएंगी, रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल का दौरा करेंगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे आधुनिक कैंसर यूनिट का लोकार्पण करेंगी।