बिहार में NDA की प्रचंड जीत पर PM मोदी ने नेताओं को दी बधाई

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गठबंधन के सभी नेताओं को हार्दिक बधाई दी है। देर शाम तक चले मतगणना में NDA ने प्रचंड बहुमत हासिल कर बिहार में एक बार फिर सरकार बनाने का रास्ता साफ कर दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (एक्स) पर एक पोस्ट के जरिए इस बड़ी जीत पर अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “बिहार की जनता ने विकास और सुशासन के हमारे एजेंडे पर एक बार फिर मुहर लगाई है। मैं NDA के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से बिहार की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”

प्रधानमंत्री ने इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना भी की और कहा कि यह जीत ‘डबल इंजन’ की सरकार पर जनता के विश्वास का प्रतीक है।

यह बधाई ऐसे समय में आई है जब बीजेपी मुख्यालय में जीत का जश्न मनाने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले हैं। इस जीत को केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर जनता की स्वीकृति के तौर पर देखा जा रहा है।