श्रीनगर धमाका: डिप्टी कमिशनर अक्षय लाबरू ने घायलों से मुलाकात की, हर संभव मदद का आश्वासन

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर: नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार रात हुए भीषण विस्फोट के बाद, श्रीनगर के DC अक्षय लाबरू ने 92 आर्मी बेस और SKIMS सौरा हॉस्पिटल का दौरा किया। उन्होंने विस्फोट में घायल हुए पुलिसकर्मियों और अन्य नागरिकों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का जायजा लिया।

अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में एक तहसीलदार सहित नौ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं, जिनमें अधिकतर पुलिसकर्मी हैं। डिप्टी कमिश्नर लाबरू ने अस्पतालों के चिकित्सा स्टाफ से घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए।

मुलाकात के दौरान, डिप्टी कमिश्नर लाबरू ने घायलों और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद और समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस बीच, सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के पीछे के कारणों की गहनता से जाँच कर रही हैं। यह विस्फोट उस विस्फोटक के नमूने लेते समय हुआ था जो दिल्ली ब्लास्ट केस के आरोपी डॉ. मुजम्मिल गनई के ठिकाने से जब्त किया गया था।