मोदी बोले- सुबह-शाम गाली देने से देश नहीं चलता, सम्मान से चलता है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फिक्की के शताब्दी सम्मेलन में साफ कहा कि किसानों, कारोबारियों, उद्यमियों और करदाताओं को गाली देने या उन्हें चोर बताने से देश का विकास नहीं होता। उन्होंने जोर दिया कि कोई भी राष्ट्र तभी तरक्की करता है जब वह अपने किसानों, छोटे उद्यमों, उद्योगों और करदाताओं का सम्मान करता है।

यह टिप्पणी विपक्षी नेता राहुल गांधी के उस बयान के जवाब में आई, जिसमें उन्होंने अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय में भारत को आर्थिक संकट या आपदा की ओर बढ़ता बताया था।

प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 12-13 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 1970 के दशक में ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया गया था, जब आबादी करीब 50 करोड़ थी। सही नीयत और नीतियों से यह लक्ष्य अब हासिल हुआ।

मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और लगभग 7 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रहा है। अक्टूबर में वस्तु निर्यात ने करीब 50 अरब डॉलर का रिकॉर्ड स्तर छुआ। उन्होंने पुराने दौर लाइसेंस-कोटा राज और ‘फ्रेजाइल फाइव’ की याद दिलाते हुए युवाओं, किसानों, मजदूरों और उद्योग जगत की मेहनत को इस बदलाव का श्रेय दिया।

कारोबारियों से उन्होंने अपील की कि सिर्फ 140 करोड़ के घरेलू बाजार पर निर्भर न रहें। गुणवत्ता सुधारें और वैश्विक बाजार में मुकाबला करें। सरकार सुधारों के लिए तैयार है और उनके सुझावों का स्वागत करती है।