भोपाल में पहली बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, टीम इंडिया का पहला मुकाबला मलेशिया से

भोपाल में गुरुवार से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज हो गया है। नाथू बरखेड़ा के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 19 से 28 नवंबर तक यह प्रतियोगिता चलेगी। इसमें भारत समेत छह देशों की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।

शामिल टीमें हैं- भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड। मध्य प्रदेश पहली बार इस स्तर की महिला हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है।

भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन है। उसने पहले तीन बार यह ट्रॉफी अपने नाम की है और अब लगातार तीसरी बार तथा कुल चौथी बार खिताब जीतने की कोशिश करेगी। हाल ही में एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद यह टीम का पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय मुकाबला है। टीम की कप्तानी सलीमा टेटे कर रही हैं।

आज पहले दिन तीन मैच होंगे। भारतीय टीम शाम को मलेशिया के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी। इससे पहले चीन-थाईलैंड और जापान-दक्षिण कोरिया के मुकाबले खेले जाएंगे।

भारतीय टीम लीग चरण में पांच मैच खेलेगी, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, चीन और जापान के खिलाफ। लीग के बाद 27 नवंबर को सेमीफाइनल और 28 नवंबर को फाइनल होगा।