अनंत सिंह का जलवा: घुड़दौड़ जीतो और घर ले जाओ महिंद्रा थार

मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को पैतृक गांव लदमा (नदवां) में बहुत धूमधाम से मनाने वाले हैं। इस शादी का सबसे खास आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता है।

शादी वाले दिन दोपहर दो से चार बजे के बीच घुड़दौड़ कराई जाएगी। इसमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और दूसरे राज्यों से आए घुड़सवार और उनके घोड़े हिस्सा लेंगे। जीतने वाले को महिंद्रा थार (व्हाइट थार) इनाम में दी जाएगी। दूसरे नंबर वाले को बाइक और तीसरे को स्कूटी मिलेगी।

छठ के बाद बिहार के कई जिलों से घोड़े गांव पहुंचने लगे हैं। सारण समेत अन्य जगहों से घोड़े आ चुके हैं। अनंत सिंह ने घोड़ों के ठहरने के लिए खास घुड़साल भी बनवाया है। विधायक खुद हर दिन सुबह और शाम ग्राउंड पहुंचकर घोड़ों की प्रैक्टिस देखते हैं। हाल ही में उन्होंने करीब एक दर्जन घोड़ों की दौड़ का जायजा लिया। उस समय मैदान में सैकड़ों लोग मौजूद थे।

शिवांगी की शादी बिहटा के ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हो रही है। गांव में करीब 10-12 बीघे जमीन पर भव्य पंडाल लगाए जा रहे हैं। चार लाख के आसपास मेहमानों के लिए खाने-पीने का बड़ा इंतजाम है। वीआईपी मेहमानों के लिए हेलीपैड भी बनाए जा रहे हैं।