छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से आज सुबह दो अलग-अलग मुठभेड़ों की खबरें सामने आई हैं, जो सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता का संकेत दे रही हैं। इन मुठभेड़ों में से एक सबसे बड़ी खबर यह है कि खूंखार नक्सली नेता हिड़मा के मारे जाने की अपुष्ट सूचना मिली है।
पहली मुठभेड़ छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश (C-A) बॉर्डर पर हुई, जिसमें हिड़मा और उसकी पत्नी के मारे जाने की बात सामने आ रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मारे गए दोनों नक्सलियों की तस्वीरें भी जारी की गई हैं। हालांकि, सुरक्षा बलों या पुलिस प्रशासन की ओर से नक्सली कमांडर हिड़मा के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
दूसरी बड़ी कार्रवाई सुकमा जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एर्राबोर के जंगल में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं, जिसके बाद रात में डीआरजी (DRG) के जवानों की टीम सर्च ऑपरेशन के लिए निकली। आज सुबह जवानों के इलाके में पहुँचते ही नक्सलियों ने उन पर फायर खोल दिया। जवानों ने भी तत्काल मोर्चा संभाला और जवाबी गोलीबारी की। इस मुठभेड़ में 6 नक्सली मारे गए हैं। सुरक्षा बल अभी भी मौके पर मौजूद हैं और सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। नक्सलियों को कितना नुकसान हुआ है, इसकी सही जानकारी सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मिल पाएगी।
पिछले कुछ दिनों में सुरक्षा बलों को लगातार सफलताएँ मिली हैं। दो दिन पहले ही, 16 नवंबर 2025 को भेज्जी-चिंतागुफा के सीमावर्ती क्षेत्र में डीआरजी की टीम ने 27 लाख रुपये के इनामी तीन नक्सलियों को मार गिराया था। इससे पहले, 11 नवंबर को बीजापुर जिले के नेशनल पार्क एरिया में हुई मुठभेड़ में 3 महिला सहित 6 नक्सली मारे गए थे।