बांग्लादेश में 5.7 तीव्रता का भूकंप, 6 की मौत, 200 घायल; ढाका की 10 मंजिला इमारत टेढ़ी

शुक्रवार सुबह बांग्लादेश में 5.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे व्यापक स्तर पर अफरा-तफरी मच गई। भारतीय समयानुसार सुबह करीब 10:08 बजे आए इस भूकंप में अब तक 6 लोगों की जान जा चुकी है और 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं। भूकंप का केंद्र ढाका से मात्र 25 किलोमीटर दूर नरसिंगदी जिले के माधबदी इलाके में था। झटके इतने तेज थे कि कई क्षेत्रों में लोग घरों और दफ्तरों से बाहर सड़कों पर दौड़ पड़े।

गाजीपुर की डेनिम फैक्ट्री में भगदड़, 150 से ज्यादा मजदूर घायल

गाजीपुर जिले के श्रीपुर क्षेत्र में स्थित एक डेनिम कपड़ा मिल में भूकंप के समय भयानक भगदड़ मच गई। मजदूर बाहर निकलने की कोशिश में एक-दूसरे पर गिर पड़े। घायल मजदूरों का आरोप है कि भूकंप शुरू होने के बाद भी फैक्ट्री प्रशासन ने मुख्य गेट काफी देर तक नहीं खोला, जिससे दहशत और बढ़ गई। सभी घायलों को श्रीपुर उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

10 महीने की मासूम की दीवार गिरने से मौत

नारायणगंज के रूपगंज क्षेत्र में एक घर की दीवार गिरने से 10 महीने की एक बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। बच्ची की मां और एक पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गए। मां ने बताया कि जैसे ही झटके लगे, वह बच्ची को गोद में लेकर बाहर भागी थीं, तभी पास की दीवार उन पर जा गिरी। दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

ढाका में 10 मंजिला इमारत टेढ़ी हुई, क्रिकेट मैच रोका गया

भूकंप के झटकों से ढाका में एक 10 मंजिला इमारत खतरनाक तरीके से झुक गई, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इसी बीच ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच चल रहा वनडे मैच कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। खिलाड़ी और दर्शक मैदान से बाहर निकल गए थे।

भारत के कई हिस्सों में भी महसूस हुए झटके

भूकंप के झटके पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में भी स्पष्ट रूप से महसूस किए गए। कोलकाता में करीब 20 सेकंड तक कंपन हुआ और तीव्रता 5.2 मापी गई। असम की राजधानी गुवाहाटी, त्रिपुरा की राजधानी अगरतला, मेघालय की राजधानी शिलांग के अलावा कूचबिहार, दक्षिण दिनाजपुर, मालदा और नादिया जिलों में भी लोग घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल भारत की ओर से किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।

राहत-बचाव कार्य तेज, इमारतों की जांच शुरू

बांग्लादेश सरकार ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। आप898 प्रबंधन और अग्निशमन विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंच गई हैं। ढाका और आसपास के क्षेत्रों में पुरानी व ऊंची इमारतों की संरचनात्मक मजबूती की जांच का काम युद्धस्तर पर जारी है।