संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित दुबई एयर शो में आज (शुक्रवार, 21 नवंबर) एक भीषण हादसा हो गया है। भारतीय वायुसेना का स्वदेशी लड़ाकू विमान एचएएल तेजस (HAL Tejas) एक प्रदर्शन उड़ान (डेमोस्ट्रेशन फ्लाइट) के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय समयानुसार यह घटना दोपहर करीब 2:10 बजे अल मकतूम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया।
हादसे के तुरंत बाद हवाई अड्डे के ऊपर घना काला धुआँ उठता देखा गया। मौके पर मौजूद दर्शक, जिनमें महिलाएँ और बच्चे भी शामिल थे, इस अप्रत्याशित घटना को देखकर स्तब्ध रह गए और वहाँ सायरन बजने लगे।
दुर्घटना के होने के बाद पायलट की स्थिति का फिलहाल पता लगाया जा रहे है, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले पायलट विमान से बाहर (इजेक्ट) निकल पाया या नहीं।
हादसे के कारणों की जाँच शुरू कर दी गई है। दुबई प्रशासन और भारतीय वायुसेना (IAF) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों के बयान का इंतजार है, जिसके बाद ही दुर्घटना के कारणों और पायलट की सुरक्षा स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी मिल पाएगी।
बता दें कि भारत स्वदेशी विमानन क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए इस एयर शो में नियमित रूप से तेजस लड़ाकू विमान को भेजता रहा है, लेकिन यह दुर्घटना देश के लिए एक बड़ा झटका है।