चंदवक थाना क्षेत्र के पारापाटी गांव में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चाँदी के गहने चुरा लिए। गृहस्वामी मुन्ना यादव के परिवार के जाग जाने पर चोर छत के रास्ते से फरार हो गए।
पीड़ित मुन्ना यादव ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे उनकी बहू ने खटपट की आवाज सुनकर उन्हें फोन कर जगाया और बताया कि कमरे का दरवाज़ा बाहर से बंद है। जब तक मुन्ना यादव अपने छोटे भाई राजकुमार यादव को जगाकर अंदर पहुँचे, तब तक चोर पीछे के रास्ते से भाग चुके थे।
घर के अंदर पहुँचने पर उन्होंने पाया कि दो अलग-अलग कमरों का ताला तोड़कर आलमारी और बेडबक्से खंगाले गए थे। मुन्ना यादव की पत्नी और बहू के लाखों रुपये के गहने, जिनमें हार, कंगन, कान का झाला, नथियाँ, मांग टीका, चेन, अंगूठी (5 नग), पैंजनी और कमरकरधनी शामिल थे, गायब थे। इसके साथ ही, एक टीन के छोटे बक्से में रखे नौ लाख रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए थे।
गृहस्वामी मुन्ना यादव ने बताया कि चोरी हुए 9 लाख रुपये में से 3 लाख रुपए उन्होंने पहले से तैयार करके रखे थे, जबकि 6 लाख रुपए हाल ही में रिश्तेदारी से मांग कर लाए थे। इन पैसों का उपयोग उन्हें दो-तीन दिन बाद एक ज़मीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए करना था।
चोरों ने घर के पीछे से खिड़कियों और छज्जे के सहारे छत पर चढ़कर घर में प्रवेश किया और फिर सीढ़ी से नीचे उतरकर चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मुन्ना यादव के घर के पास जुट गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और चंदवक थाना प्रभारी निरीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। क्षेत्राधिकारी अजीत रजक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जाँच के आदेश दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।