सागर जिले में रहली थाना क्षेत्र के अनंतपुरा गांव के पास शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। एक तेज रफ्तार निजी बस ने सड़क किनारे खड़े इन युवकों को इतनी जोर से टक्कर मारी कि वे उछलकर काफी दूर जा गिरे। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई भी शामिल थे, जबकि एक युवक अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब चारों युवक अनंतपुरा गांव से सिमरिया हर्राखेड़ा की ओर जा रहे थे और रास्ते में सड़क किनारे अपनी खड़ी बाइक के पास आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी सिमरिया से होते हुए दमोह जा रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों में दो सगे भाई शामिल
मृतकों की पहचान शिवम पाल (18) और उनके छोटे भाई सत्यम पाल (17) (दोनों रामचरण पाल के बेटे) के रूप में हुई है। इनके साथ प्राशू उर्फ प्रशांत पाल (14), जो अपने परिवार का इकलौता बेटा था, और उमेश पाल (16) की भी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों के चाचा भगवानदास पाल ने बताया कि चारों भतीजे भैंसों की तलाश करने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने बताया कि बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि उन्हें संभलने का मौका ही नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, बस को जब्त किया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
विधायक ने दिया सांत्वना
हादसे की सूचना मिलते ही देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने बंडा जा रहे थे, लेकिन खबर मिलते ही तुरंत लौटकर घटनास्थल पहुँचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। विधायक पटेरिया ने इस घटना को “बेहद दुखद” बताया और कहा कि पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता राशि देने की मांग भी की है।