धनतेरस पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 3 सुपारी शूटर मुठभेड़ में ढेर, परिजनों का हंगामा

शुक्रवार सुबह पटना के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास पुलिस और तीन संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। करीब 20 मिनट तक दोनों तरफ से गोलीबारी चली। अपराधियों की तरफ से 24 राउंड गोलियां चलीं, जबकि पुलिस ने जवाब में 18 राउंड दागे। इस दौरान मनेर थाना के SHO रजनीश कुमार के हाथ में गोली लग गई और वे घायल हो गए।

पटना SSP कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम को जानकारी मिली थी कि कुछ अपराधी इस इलाके में बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। टीम मौके पर पहुंची तो अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों घायल हुए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

मारे गए तीनों की पहचान जेपी यादव, बबलू कुमार और राजा शर्मा (उर्फ सूरज कुमार/राजेश शर्मा) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि ये पेशेवर शूटर थे और पिछले महीने 19 अक्टूबर को मनेर के ब्यापुर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में शामिल थे। उस हत्याकांड में चुनावी दुश्मनी का मामला सामने आया था। घटनास्थल से पिस्तौल, देसी कट्टा और कई खाली कारतूस बरामद किए गए। फॉरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा किए।

तीनों के शव दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे तो परिजन और स्थानीय लोगों ने भारी बवाल मचाया। उन्होंने एनकाउंटर को गलत बताते हुए पोस्टमॉर्टम का विरोध किया, पुलिस से भिड़ गए, पथराव किया और वाहनों के शीशे तोड़े। एक युवक को मुखबिर समझने पर भीड़ ने पीटा, जिसे पुलिस ने बचाया। कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए। स्थिति नियंत्रण के लिए अतिरिक्त बल बुलाया गया और लाठीचार्ज भी किया गया। परिजनों का आरोप है कि तीनों उस हत्याकांड में नामजद नहीं थे और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।