पेशावर में  FC मुख्यालय पर दोहरा आत्मघाती हमला, 6 लोग मारे गए

पाकिस्तान के पेशावर में सोमवार सुबह फ्रंटियर कॉन्स्टेबुलरी (FC) मुख्यालय पर हुए दो आत्मघाती हमलों में कम से कम 6 लोग मारे गए, जिनमें 3 FC कमांडो और 3 हमलावर शामिल हैं। हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों ने गोलियों और आत्मघाती हमलों के जरिए सुबह करीब 8 बजे इस सैन्य दफ्तर को निशाना बनाया। पुलिस ने बताया कि पैरामिलिट्री इमारत के मुख्य गेट पर दो धमाके हुए, जिसके तुरंत बाद हथियारबंद हमलावर अंदर घुस गए। FC कमांडो और पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में कैंपस के अंदर तीनों हमलावरों को मार गिराया।

सूत्रों ने बताया कि हमले में कम से कम दो आत्मघाती हमलावर शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, तीन FC जवान मुख्य गेट पर हुए धमाके में मारे गए, जबकि हमलावर अंदर हुई गोलीबारी में ढेर हुए। एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि पहले हमलावर ने मेन गेट पर हमला किया, जिसका फायदा उठाकर दूसरा हमलावर कैंपस के अंदर घुसने में कामयाब रहा।

 हमले के पीछे TTP का हाथ होने का आरोप

पाकिस्तान फौज ने इस हमले के लिए ‘फितना-उल-खवारिज’ को जिम्मेदार ठहराया है, यह शब्द अक्सर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के लड़ाकों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। पेशावर के कैपिटल सिटी पुलिस ऑफिसर डॉ. मियां सईद ने बताया कि पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और यह सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है कि कहीं कोई और खतरा बाकी न हो।

FC पाकिस्तान की एक सिविल मिलिट्री फोर्स है, जिसका मुख्यालय सैन्य कैंटोनमेंट के करीब एक भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित है। पाकिस्तान में हाल के महीनों में, खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में, आतंकी घटनाओं में तेज बढ़ोतरी देखी गई है। TTP ने नवंबर 2022 में पाकिस्तान के साथ सीजफायर को एकतरफा तौर पर खत्म कर दिया था, जिसके बाद से पाकिस्तान पर हमले तेज हो गए हैं।