चीन ने भारत के प्रति सकारात्मक कदम उठाते हुए भारतीय नागरिकों के लिए ऑनलाइन वीजा आवेदन प्रणाली को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे लंबे समय से चीन यात्रा करने के इच्छुक भारतीयों को बड़ी राहत मिलेगी।
चीन में भारत के राजदूत शू फेहॉन्ग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घोषणा की है कि 22 दिसंबर 2025 से भारतीय यात्री चीन के आधिकारिक वीजा पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ही वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे। अब उन्हें वीजा प्राप्त करने के लिए चीनी दूतावास या वीजा केंद्र के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस पोर्टल पर वीजा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी और स्थिति की जांच की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
गौरतलब है कि भारत ने इससे पहले ही चीनी नागरिकों के लिए ई-टूरिस्ट वीजा और अन्य श्रेणियों के वीजा जारी करना फिर से शुरू कर दिया था। वर्ष 2020 में गलवान घाटी संघर्ष के बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के नागरिकों के लिए वीजा सुविधाएं निलंबित कर दी थीं। अब चीन का यह कदम दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली और संबंध सामान्य करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह बदलाव हाल के द्विपक्षीय समझौतों का ही नतीजा है। अक्टूबर 2024 में भारत-चीन के बीच एलएसी पर डिसइंगेजमेंट और पैट्रोलिंग व्यवस्था को लेकर समझौता हुआ था। इसके बाद ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इतर कजान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने रिश्तों को पटरी पर लाने और सभी विवादित मुद्दों को बातचीत से सुलझाने पर सहमति जताई थी। वीजा सुविधा की बहाली इसी प्रक्रिया का एक ठोस परिणाम है।