शेयर बाजार में भारी गिरावट

भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को बड़ी गिरावट के साथ खुला। वैश्विक बाजारों में कमजोरी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत से चावल आयात पर संभावित टैरिफ लगाने के बयान ने घरेलू बाजार पर अतिरिक्त दबाव डाला। इससे निवेशकों में अनिश्चितता बढ़ी और भारत-अमेरिका के बीच चल रही मिनी ट्रेड डील की संभावनाओं पर भी सवाल खड़े हो गए।

सुबह के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 300 अंकों से अधिक टूटकर 84,742 पर खुला। शुरुआती एक घंटे में बिकवाली और तेज हुई और 10 बजे के करीब सेंसेक्स 638 अंकों की गिरावट के साथ 84,465 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह निफ्टी-50 भी कमजोर खुला और 205 अंकों की गिरावट दर्ज करते हुए 25,756 के आसपास पहुंच गया।

ट्रंप के बयान का सबसे ज्यादा असर चावल निर्यात करने वाली कंपनियों के शेयरों पर पड़ा। एलटी फूड्स (दावत बासमती) का शेयर 8% तक लुढ़ककर दिन के निचले स्तर 362 रुपये पर आ गया। केआरबीएल (इंडिया गेट बासमती) में करीब 3% की गिरावट आई, जबकि कोहिनूर फूड्स का शेयर तो 10% तक टूट गया।

वैश्विक स्तर पर भी माहौल कमजोर रहा। सोमवार रात अमेरिकी बाजार लाल निशान में बंद हुए थे – डाओ जोंस 0.45%, एसएंडपी 500 में 0.35% और नैस्डैक में 0.14% की गिरावट रही। मंगलवार सुबह एशियाई बाजारों में भी दबाव दिखा। जापान का निक्केई 0.11%, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.39%, हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग 0.41% और चीन का सीएसआई 300 इंडेक्स 0.11% नीचे कारोबार कर रहा था।