मध्य प्रदेश में 4.2 डिग्री तक गिरा पारा, राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट

उत्तर भारत में बर्फीली हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिसके चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है।

मध्य प्रदेश में बर्फीली हवाओं ने सर्दी बढ़ा दी है। सोमवार रात को कई शहरों का तापमान 6 डिग्री से नीचे चला गया। शहडोल जिले के कल्याणपुर में प्रदेश का सबसे कम तापमान 4.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को भोपाल, इंदौर समेत 9 जिलों में शीतलहर (Cold Wave) का अलर्ट जारी किया है। आशंका है कि कई शहरों में पारा 5 डिग्री से भी नीचे जा सकता है।

राजस्थान में भी ठंड का कहर जारी है। सोमवार को राज्य के 19 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, जिसमें फतेहपुर में पारा गिरकर सबसे कम 4.4 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने राजस्थान में 10 दिसंबर से शीतलहर चलने की आशंका जताई है।

दूसरी तरफ, पहाड़ी राज्यों में सीजन की पहली बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ी है। उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में सोमवार दोपहर को तेज बर्फबारी हुई, जिससे पहाड़ पूरी तरह से सफेद हो गए। कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिसका लुत्फ उठाने बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग जमा हुए। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में स्थित रोहतांग दर्रे में बर्फबारी के कारण मनाली-लेह सड़क को आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है।