करनाल नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें एक तेज रफ्तार ट्रक ने बारातियों को ले जा रही सात गाड़ियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में दो दर्जन से अधिक बाराती घायल हुए हैं, जिनमें से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को करनाल के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद लगा लंबा जाम
यह दुर्घटना इतनी बड़ी थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर तुरंत ही लंबा जाम लग गया। NH-44 पर कई किलोमीटर तक गाड़ियां फंसी रहीं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
घायलों की पहचान
हादसे में घायल हुए बारातियों में रसीन गांव के 50 वर्षीय मेहंदी,65 वर्षीय जहांगीर,60 वर्षीय सलिंद्र, 40 वर्षीय इरफान,35 वर्षीय संदीप, 28 वर्षीय मुस्तकिन, तथा पंजाब के राजपुरा निवासी 11 वर्षीय मोहम्मद समद और 13 वर्षीय आविश शामिल हैं। ये सभी स्कॉर्पियो समेत अन्य क्षतिग्रस्त वाहनों में सवार थे।