यूपी के पूर्व IG अमिताभ ठाकुर ट्रेन से गिरफ्तार: पत्नी ने लगाया ‘किडनैपिंग’ का आरोप

उत्तर प्रदेश के पूर्व आईजी और निलंबित आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को सोमवार देर रात दिल्ली जाते समय ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पत्नी नूतन ठाकुर ने पहले आरोप लगाया था कि आधी रात सादे कपड़ों में आए कुछ लोगों ने उन्हें ट्रेन से ‘उठा लिया’, जिसे उन्होंने किडनैपिंग बताया। हालांकि, बाद में लखनऊ पुलिस ने नूतन ठाकुर को फोन करके इस गिरफ्तारी की पुष्टि की और बताया कि उन्हें देवरिया ले जाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी एक करीब 26 साल पुराने मामले से जुड़ी है, जब अमिताभ ठाकुर देवरिया के एसपी थे। उन पर आरोप है कि उनकी पत्नी नूतन ठाकुर ने फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करके देवरिया के औद्योगिक क्षेत्र में एक प्लॉट लिया था और बाद में उसे बेचकर लाभ कमाया। अमिताभ ठाकुर पर एसपी पद पर रहते हुए अपनी पत्नी का सहयोग करने और कोई एक्शन न लेने का आरोप है। इस मामले में तीन महीने पहले लखनऊ में अमिताभ ठाकुर के खिलाफ केस दर्ज हुआ था, जिसे बाद में देवरिया ट्रांसफर कर दिया गया। पुलिस का तर्क है कि अमिताभ ठाकुर जाँच में सहयोग नहीं कर रहे थे, जिसके कारण यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अमिताभ और नूतन ठाकुर दोनों के एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट को भी सस्पेंड करा दिया है।

नूतन ठाकुर ने बताया कि जब ट्रेन शाहजहांपुर पहुंची, तब रात करीब 1:50 बजे कुछ लोग ट्रेन में घुस आए और उन्हें अपने साथ ले गए। कॉल करने की कोशिश पर उनका मोबाइल ऑन था, पर बातचीत नहीं हो पाई; उन्हें लगा जैसे कोई उन्हें खींच रहा हो, जिसके बाद फोन बंद हो गया। नूतन ठाकुर ने इसे सामान्य सिविल विवाद बताते हुए इसे जबरन आपराधिक केस में बदलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही सबूत पेश कर खुद को निर्दोष साबित करेंगी।