सागर जिले में नेशनल हाईवे 44 पर बांदरी के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर और पुलिस के वाहन में हुई आमने-सामने की टक्कर में 4 जवान शहीद हो गए हैं, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर दिल्ली के गंगाराम अस्पताल भेजा गया है। राहत की बात यह है कि टीम में शामिल डॉग सुरक्षित है।
नक्सल विरोधी अभियान से लौट रहा था दस्ता
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त पुलिस वाहन में मुरैना जिले का बम निरोधक दस्ता (BD) और डॉग स्क्वॉड (DS) की टीम सवार थी। ये जवान बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान में ड्यूटी पर तैनात थे और वहाँ से वाहन (क्रमांक MP 03 A 4883) में सवार होकर वापस मुरैना लौट रहे थे।
हादसा नेशनल हाईवे 44 पर बांदरी के पास झिंझनी घाटी पर हुआ, जब सामने से आ रहे एक कंटेनर से पुलिस वाहन की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की भीषणता के कारण डॉग मास्टर सहित चार जवानों की मौके पर ही जान चली गई।
जेसीबी से काटकर निकाले गए शव
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर समेत सभी जवान गाड़ी के अंदर बुरी तरह फँस गए। पुलिस ने मौके पर जेसीबी की मदद से वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला। पंचनामा बनाने के बाद शवों को बांदरी अस्पताल भेजा गया।
शहीद हुए जवानों की पहचान:
- प्रद्युमन दीक्षित (जवान, मुरैना निवासी)
- अमन कौरव (जवान, मुरैना निवासी)
- परमलाल तोमर (ड्राइवर, मुरैना निवासी)
- विनोद शर्मा (डॉग मास्टर, भिंड निवासी)
हादसे में घायल हुए आरक्षक राजीव चौहान (निवासी मुरैना) का इलाज जारी है, जिन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए दिल्ली ले जाया गया है।