अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी शनिवार को 14 साल बाद भारत पहुंचे। उनके साथ उरुग्वे के स्ट्राइकर लुईस सुआरेज और अर्जेंटीना के मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल भी आए हैं। तीनों फुटबॉलर रात करीब 2:30 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे थे। हालांकि, कोलकाता में हुए एक कार्यक्रम के बाद भारी हंगामा हो गया, जिसके चलते कार्यक्रम के आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सुबह 11 बजे मेसी ने अपने 70 फीट ऊंचे स्टैच्यू का वर्चुअल उद्घाटन किया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान भी मौजूद थे। इसके बाद सभी सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने फैंस से मुलाकात की। दुर्भाग्यवश, तीनों खिलाड़ी करीब 22 मिनट बाद ही वहां से निकल गए। इससे नाराज फैंस ने स्टेडियम में हंगामा शुरू कर दिया और स्टैंड से बोतलें व कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फैंस से माफी मांगी है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम ने बताया कि मामले की जांच जारी है और मुख्य आयोजक सताद्रू दत्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मेसी कोलकाता से हैदराबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। वह यूनाइटेड नेशंस के चाइल्ड ऑर्गेनाइजेशन यूनिसेफ के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में ‘GOAT इंडिया’ टूर के तहत भारत आए हैं। उन्हें हैदराबाद में आज शाम 7 बजे उप्पल स्टेडियम में 7×7 फुटबॉल मैच खेलना है। यहां पर एक म्यूजिकल कॉन्सर्ट भी होगा और इसके बाद मेसी रात 8 बजे एक एग्जिबिशन मैच भी खेलेंगे। मैच के बाद उनकी मुलाकात तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से भी होगी। मेसी को कुल चार शहरों का दौरा करना है, जिनमें हैदराबाद, मुंबई और नई दिल्ली भी शामिल हैं। उन्हें मुंबई में सचिन तेंदुलकर से भी मिलना है। 15 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ ही उनका यह दौरा समाप्त होगा।
इससे पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने इस इवेंट की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। राज्यपाल ने यह कदम तब उठाया, जब लोक भवन में उन्हें फैंस की कई शिकायतें मिलीं। फैंस ने शिकायत में कहा था कि टिकट बहुत महंगे हैं, जिसके चलते वे अपने पसंदीदा खिलाड़ी को देख भी नहीं पाएंगे। इन्हीं शिकायतों के बाद राज्यपाल ने इस मामले में रिपोर्ट तलब की थी।