जयपुर में 2.90 लाख रुपए के नकली नोटों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

जयपुर कमिश्नरेट की कमिशनरेट स्पेशल टीम (सीएसटी) ने रविवार रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए जाली नोटों की तस्करी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। चित्रकूट इलाके में की गई यह कार्रवाई नकली नोटों के रैकेट का पर्दाफाश करती है, जिससे कुल 2 लाख 90 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वे ये नोट उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लेकर आए थे।

स्पेशल कमिश्नर राहुल प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान झालावाड़ निवासी गोविंद चौधरी और चित्रकूट नगर, वैशाली नगर निवासी देवांश फांडा के रूप में हुई है। सीएसटी को गुप्त सूचना मिली थी कि चित्रकूट इलाके में एक युवक कार में नकली नोटों का कारोबार कर रहा है। इसी सूचना पर इंस्पेक्टर रतन सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को पकड़ा।

कार सवार गोविंद चौधरी की तलाशी लेने पर उसके पास से 1 लाख 90 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। गोविंद से पूछताछ के आधार पर, उसके साथी देवांश फांडा के पास भी नकली नोट होने की जानकारी मिली। टीम ने तत्काल देवांश के चित्रकूट स्थित फ्लैट पर दबिश दी और उसे पकड़कर उसके कब्जे से 1 लाख रुपये के जाली नोट जब्त किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अब इस गिरोह के बाकी सदस्यों व नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है।