मेक्सिको में एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। अकापुल्को से तोलुका एयरपोर्ट जा रहा एक निजी प्लेन इमरजेंसी लैंडिंग के प्रयास के दौरान सैन मातेओ एटेंको इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
इंजन खराबी बनी वजह
हादसा सोमवार को उस समय हुआ जब उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई, जिसकी शुरुआती रिपोर्ट में इंजन खराबी होने की बात कही जा रही है। मेक्सिको के सिविल प्रोटेक्शन कोऑर्डिनेटर एड्रियन हर्नांडेज ने बताया कि पायलट ने मेक्सिको सिटी से लगभग 50 किलोमीटर पश्चिम में स्थित सैन मातेओ एटेंको के एक औद्योगिक क्षेत्र में फुटबॉल ग्राउंड पर आपातकालीन लैंडिंग कराने की कोशिश की।
हालांकि, नियंत्रण खो जाने के कारण विमान पास की एक फैक्ट्री की मेटल छत से टकरा गया, जिसके बाद प्लेन में भीषण आग लग गई। आग बुझाने और बचाव कार्य शुरू करने के लिए इलाके के लगभग 130 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
हताहतों और लापता की तलाश
अधिकारियों ने पुष्टि की कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में 8 यात्री और 2 क्रू मेंबर सहित कुल 10 लोग सवार थे। अब तक सात लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष तीन लोगों की तलाश जारी है। विमान ने मेक्सिको के प्रशांत तट पर स्थित अकापुल्को से उड़ान भरी थी।