पीएम मोदी ने अटल जी की 101वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि, लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन

पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न से सम्मानित अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें हार्दिक श्रद्धासुमन अर्पित किए। सोशल मीडिया पर अपने संदेश में मोदी ने अटल जी के विशाल व्यक्तित्व, जनकल्याणकारी कार्यों और मजबूत नेतृत्व की सराहना की, जो देश के समग्र प्रगति के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपना पूरा जीवन अच्छे शासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित किया तथा वे लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे।

अटल बिहारी वाजपेयी ने 1996 से 2004 तक तीन बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की और अपनी प्रभावशाली वाणी तथा काव्यात्मक रचनाओं के लिए प्रसिद्ध रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके इन गुणों को रेखांकित करते हुए बताया कि वे न सिर्फ एक कुशल राजनीतिज्ञ थे, बल्कि भारतीय राजनीति में मर्यादा, विचारों की मजबूती और राष्ट्रप्रथम की भावना के उच्च आदर्श स्थापित करने वाले व्यक्तित्व थे। उनके जीवन से सीख लेना सभी के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि उन्होंने दिखाया कि सच्ची महानता पद से नहीं, बल्कि कर्म और सिद्धांतों से प्राप्त होती है।

25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में जन्मे वाजपेयी की जयंती को केंद्र सरकार सुशासन दिवस के रूप में करती है। इस बार की जयंती और भी खास है, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी लखनऊ पहुंचकर ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन करेंगे। यह भव्य परिसर देश की प्रमुख विभूतियों, विशेषकर अटल जी के जीवन, सिद्धांतों और अमर विरासत को समर्पित है, जिसमें श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाएं भी शामिल हैं। यह पहल मोदी जी के उस विजन का हिस्सा है, जिसमें महान नेताओं के मूल्यों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाया जा रहा है।