सोनीपत में दिव्यांग बुजुर्ग की बैसाखी छीनकर सिर पर किए वार; फैक्ट्री में मिली लाश, आरोपियों की तलाश तेज

हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव राजपुर में एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त हुए एक 60 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग की उन्हीं की बैसाखी से हमला कर हत्या कर दी गई। पूर्व सब-इंस्पेक्टर (SI) का शव घर के पास स्थित एक फैक्ट्री के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। इस सनसनीखेज हत्या के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

मृतक की पहचान दलबीर के रूप में हुई है, जो करीब चार महीने पहले ही दिल्ली पुलिस से एसआई के पद से रिटायर हुए थे। दलबीर दिव्यांग थे; कई साल पहले एक हादसे में अपना आधा पैर गंवाने के बाद वे चलने-फिरने के लिए बैसाखी का सहारा लेते थे। मिली जानकारी के अनुसार, देर रात दलबीर की कुछ अज्ञात हमलावरों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। यह मामूली विवाद देखते ही देखते इतना हिंसक हो गया कि हमलावरों ने दलबीर की ही बैसाखी छीनकर उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

 फैक्ट्री में मिला शव, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही एसीपी ऋषिकांत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दलबीर का शव एक फैक्ट्री के अंदर पड़ा मिला। सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। पुलिस को घटनास्थल से वही बैसाखी भी बरामद हुई है, जिससे हत्या की गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और यह समझा जा सके कि वारदात के समय वहां कितने लोग मौजूद थे।

 परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज

मृतक के बेटे संदीप राठी की शिकायत पर सोनीपत पुलिस ने हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि उन्हें कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। हालांकि, अभी तक हत्या के पीछे के मुख्य कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है कि आखिर वह कौन सी बात थी जिस पर विवाद इतना बढ़ गया।