नववर्ष 2026: राष्ट्रपति, पीएम मोदी सहित प्रमुख नेताओं ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

नववर्ष के आगमन पर देश के शीर्ष नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में नववर्ष को नई ऊर्जा, सकारात्मक परिवर्तन और नए संकल्पों का प्रतीक बताया तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण व सामाजिक सौहार्द के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी को 2026 की बधाई देते हुए कामना की कि यह वर्ष अच्छा स्वास्थ्य, समृद्धि, सफलता और जीवन में पूर्णता लाए तथा समाज में शांति व खुशहाली बनी रहे।

विपक्षी दलों के नेताओं ने भी नववर्ष की शुभकामनाओं में सामाजिक न्याय और लोकतंत्र की मजबूती पर जोर दिया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरल संदेश में सभी को ढेर सारी खुशियां, अच्छी सेहत और उपलब्धियां मिलने की कामना की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वर्ष को कमजोर वर्गों के अधिकारों रोजगार, मतदान और सम्मानजनक जीवन zकी रक्षा के लिए जन आंदोलन बनाने की अपील की तथा युवाओं को नौकरियां, महिलाओं को सुरक्षा, किसानों को समृद्धि और हाशिए पर रहने वालों को सम्मान दिलाने को साझा संकल्प बताया।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने संदेश में मानवता, प्रेम व सामाजिक न्याय को प्रमुखता दी और नववर्ष को उन ‘पीडीए प्रहरियों’ को समर्पित किया जो संविधान व लोकतंत्र की रक्षा में जुटे हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने तमिल व अंग्रेजी में बधाई देते हुए कहा कि राज्यवासी एकजुट होकर प्रगति की ओर बढ़ रहे हैं और 2026 सामूहिक विकास का वर्ष बनेगा। इन संदेशों से देश में उम्मीद, एकता और सकारात्मकता का माहौल बना है।