भोपाल: तेज़ रफ्तार जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो दोस्त घायल

सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र में एक तेज़ रफ्तार जेसीबी ने बाइक पर सवार तीन दोस्तों को ज़ोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहा युवक मौके पर ही जान गंवा बैठा, जबकि उसके दोनों साथी दूर जाकर गिरने से हल्की चोटें आईं और बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना पुलिस के अनुसार, इमलिया कॉलोनी निवासी अभिषेक कुशवाह (पिता रामकिशन कुशवाह) मजदूरी का काम करता था और अपने छह भाइयों में दूसरे नंबर पर था। गुरुवार रात वह अपने दोस्तों राजा और भोला के साथ बाइक पर सब्ज़ी खरीदने निकला था। इमलिया हाईवे पर पहुंचते ही सामने से आ रही जेसीबी ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार धक्का दे दिया। टक्कर इतनी तेज़ थी कि बाइक चालक अभिषेक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों दोस्त ज़ोरदार झटके से दूर जा गिरे और मामूली रूप से घायल हो गए।

मृतक के परिचित गौरव ने बताया कि टक्कर मारने वाली जेसीबी मुगालिया क्षेत्र की एक सीमेंट फैक्ट्री की थी। हादसे के बाद चालक जेसीबी छोड़कर मौके से भाग निकला। हालांकि वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ-साथ जेसीबी का नंबर भी बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश जारी रखी है।