मलेशिया ओपन में भारत का सफर खत्म

कुआलालंपुर में खेले जा रहे BWF सुपर 1000 मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती पूरी तरह समाप्त हो गईं है। विमेंस सिंगल्स में दो बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा, जबकि मेंस डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी क्वार्टरफाइनल में बाहर हो गईं। इसके साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का अभियान खत्म हो गया।

सेमीफाइनल में वांग झी यी से हारीं सिंधु 

विमेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल में पीवी सिंधु का सामना चीन की वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी  वांग झी यी से हुआ। सिंधु  को सीधे गेमों में 16-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। मैच के दोनों गेमों में सिंधु ने शुरुआती बढ़त जरूर बनाई, लेकिन निर्णायक पलों में वह इसे बरकरार नहीं रख सकीं। पहले गेम में 3-4 अंकों की बढ़त के बाद की गई गलतियों का फायदा वांग झी यी ने उठाया। दूसरे गेम में सिंधु ने बैकहैड साइड पर ज्यादा लिफ्ट खेली, जिस पर वांग झी यी ने लगातार स्मैश लगाकर दबाव बनाया और मैच अपने नाम कर लिया। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना जापान की तीसरी सीड अकाने यामागुची से हुआ था। सिंधु ने शानदार खेल दिखाते हुए महज 11 मिनट में पहला गेम 21-11 से जीत लिया। इसके बाद यामागुची घुटने की चोट के कारण मैच से हट गईं (रिटायर्ड हर्ट), जिससे सिंध को सेमीफाइनल में जगह मिल गईं।