सोमनाथ में शौर्य यात्रा का नेतृत्व करते दिखे पीएम मोदी

गुजरात यात्रा के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को सोमनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक शौर्य यात्रा में सहभागिता की। यह यात्रा उन असंख्य वीर योद्धाओं को समर्पित थी, जिन्होंने सोमनाथ मंदिर की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। इस अवसर पर 108 घोड़ों के साथ एक विशेष प्रतीकात्मक जुलूस निकाला गया, जो वीरता और पराक्रम का संदेश देता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने शौर्य यात्रा का नेतृत्व किया। उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे। यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने डमरू बजाकर श्रद्धालुओं और उपस्थित जनसमूह का अभिवादन किया, जिससे पूरे वातावरण में श्रद्धा और उत्साह का संचार हुआ।

शौर्य यात्रा में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और दर्शन किए। इसके पश्चात उन्होंने वीर योद्धा हमीरजी गोहिल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि हमीरजी गोहिल ने वर्ष 1299 ईस्वी में जफर खान के आक्रमण के दौरान सोमनाथ मंदिर की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था।

इससे पहले शनिवार शाम को प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ मंदिर में ॐकार मंत्र का जाप किया और मंदिर में दर्शन किए। इस अवसर पर करीब 3000 ड्रोनों से सुसज्जित भव्य ड्रोन शो का आयोजन भी किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।कार्यक्रम की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण ने देशभर से आए श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। महाराष्ट्र के मुंबई से आई प्रीति करेलिया, जो 24 अन्य महिलाओं के साथ विशेष रूप से इस आयोजन को देखने पहुंची थीं, ने इसे एक अविस्मरणीय अनुभव बताया।