शहर के मुरार थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक छात्र को पार्ट-टाइम जॉब का लालच देकर लाखों रुपए की चपत लगा दी है। ठगों ने पहले छात्र का भरोसा जीता और फिर उसे मुनाफे के जाल में फंसाकर साढ़े तीन लाख रुपए ऐंठ लिए। हैरान करने वाली बात यह है कि पैसे हड़पने के बाद भी आरोपी छात्र पर और रकम जमा करने का दबाव बना रहे हैं और उसे कानूनी कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं।
शुरुआत 200 रुपए के फायदे से हुई
लाल टिपारा निवासी अमन कुशवाह, जो कि बीबीए (BBA) का छात्र है, के पास कुछ दिन पहले व्हाट्सएप पर एक लिंक आया था। लिंक क्लिक करते ही वह टेलीग्राम के एक ग्रुप से जुड़ गया। यहाँ उसे घर बैठे होटलों को ऑनलाइन रेटिंग देने का काम दिया गया। शुरुआत में अमन से 300 रुपए जमा कराए गए, जिसके बदले उसे 500 रुपए वापस मिले। इस 200 रुपए के छोटे मुनाफे ने छात्र का भरोसा जीत लिया।
शुरुआती मुनाफे के बाद अमन ने बड़े टास्क लेना शुरू कर दिए। उसने धीरे-धीरे 5 हजार से शुरू कर कुल साढ़े तीन लाख रुपए लगा दिए। अमन के अकाउंट में बैलेंस तो काफी ज्यादा दिख रहा था, लेकिन जब उसने उसे ‘विड्रॉल’ (निकालने) की कोशिश की, तो तकनीकी खामी बताकर उसे रोक दिया गया। ठगों ने उसे झांसा दिया कि पूरी रकम निकालने के लिए और पैसे जमा करने होंगे।
ठगी के बाद अब ‘कोर्ट केस’ का डर
जब अमन ने और पैसे देने से मना किया और अपनी जमा पूंजी वापस मांगी, तो ठगों ने अपना रंग बदल लिया। अब आरोपी उसे टास्क अधूरा छोड़ने के नाम पर कोर्ट केस और जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं। इस मानसिक दबाव और आर्थिक नुकसान के बाद पीड़ित ने मुरार थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई।
पुलिस की कार्रवाई
मुरार थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है। पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन और टेलीग्राम आईडी के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।