U-19 वर्ल्ड कप भारत-बांग्लादेश मैच में बारिश का ‘बाउंसर’, वैभव और अभिज्ञान के अर्धशतकों के बाद थमा भारत-बांग्लादेश का महामुकाबला

जिम्बाब्वे के बुलावायो में खेले जा रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप के मुकाबले में शनिवार को भारत और बांग्लादेश के बीच जारी खेल को भारी बारिश के कारण रोकना पड़ा। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने शुरुआत में भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाया, लेकिन टीम इंडिया ने खेल रुकने तक 39 ओवरों में 6 विकेट खोकर 192 रन बना लिए थे।

भारतीय पारी के मुख्य आकर्षण वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने 72 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को ठोस शुरुआत दी। वैभव के आउट होने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने जिम्मेदारी संभाली और 63 रन बनाकर क्रीज पर डटे रहे। उनके साथ आरएस अंबरीश 4 रन पर नाबाद लौटे। मिडिल ऑर्डर में कनिष्क चौहान ने भी 28 रनों का उपयोगी योगदान दिया, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे मात्र 6 रन और विहान मल्होत्रा 7 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गए।

बांग्लादेश की ओर से गेंदबाजी में अल फहद, इकबाल हुसैन और कप्तान अजीजुल हकीम तमीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और दो-दो विकेट चटकाकर भारतीय पारी की रफ्तार को नियंत्रित रखा। फिलहाल बारिश के कारण खेल रुका हुआ है और अंपायर्स मैदान के निरीक्षण के बाद खेल दोबारा शुरू करने पर निर्णय लेंगे। यदि खेल दोबारा शुरू नहीं हो पाता है, तो डकवर्थ-लुईस नियम के आधार पर मैच का परिणाम तय किया जा सकता है।