शहडोल: ड्यूटी के दौरान कॉन्स्टेबल ने खुद को मारी गोली, मोबाइल विवाद बना वजह!

शहडोल पुलिस लाइन (रक्षित केंद्र) में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहाँ पदस्थ 29 वर्षीय कॉन्स्टेबल शिशिर सिंह राजपूत ने अपनी ड्यूटी के दौरान सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना रात करीब 1:25 बजे की है, जब शिशिर अलाव तापते हुए ड्यूटी पर तैनात थे। गोली चलने की आवाज सुनकर जब आसपास के पुलिसकर्मी मौके पर पहुँचे, तो शिशिर कुर्सी पर ही मृत अवस्था में मिले।

फोन पर विवाद के बाद तोड़ा मोबाइल, फिर दी जान

शुरुआती जांच में आत्महत्या की वजह मोबाइल पर हुआ कोई गंभीर विवाद सामने आ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिशिर घटना से ठीक पहले किसी से फोन पर बात कर रहे थे। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि उन्होंने गुस्से में अपना मोबाइल जमीन पर पटक कर तोड़ दिया और इसके तुरंत बाद सर्विस राइफल से अपनी गर्दन के पास फायर कर लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि शिशिर ने महज दो दिन पहले ही यह नया मोबाइल खरीदा था।

जबलपुर के निवासी थे शिशिर, अनुकंपा पर मिली थी नौकरी

शिशिर सिंह मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले थे। उनके पिता शरद सिंह के निधन के बाद उन्हें 2013 में अनुकंपा नियुक्ति के तहत बाल आरक्षक बनाया गया था और 2015 में वे नियमित आरक्षक बने। उनके परिवार में माँ और तीन बहनें हैं। इस घटना ने पूरे पुलिस विभाग को स्तब्ध कर दिया है।

पुलिस ने शुरू की कॉल डिटेल की जांच

कोतवाली पुलिस ने मौके से टूटी हुई मोबाइल और सर्विस राइफल को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल की कॉल डिटेल और टूटे हुए फोन के डेटा को रिकवर करने का प्रयास किया जाएगा ताकि यह पता चल सके कि शिशिर आखिरी वक्त में किससे बात कर रहे थे। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।