जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मंदसौर जिले के ग्राम बानियाखेड़ी निवासी CRPF जवान मुकेश कुमार प्रजापति (45) शहीद हो गए। हादसा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जखानी-चेनानी इलाके के पास हुआ, जब एक अनियंत्रित यात्री बस ने सड़क किनारे खड़े वाहन और एक बाइक को टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में बस में सवार जवान मुकेश सहित चार लोगों की जान चली गई। मुकेश 20 साल की सेवा पूरी कर चुके थे और छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहे थे।
नवंबर में हुई थी बेटों की शादी, खुशियां मातम में बदलीं
जवान मुकेश के परिवार में महज दो महीने पहले ही शहनाइयां गूंजी थीं। बीते नवंबर में उनके दोनों बेटों, शुभम और गुलशन की शादी हुई थी। परिवार इस समय खुशियों के माहौल में था, लेकिन इस खबर ने सब कुछ उजाड़ दिया। मुकेश के पीछे उनकी पत्नी संतोष बाई और बुजुर्ग माता-पिता हैं। गांव में शोक की लहर है और उनके पैतृक निवास पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई
शहीद जवान का पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से उदयपुर लाया जा रहा है, जहाँ से बुधवार देर शाम तक वह उनके गांव बानियाखेड़ी पहुंचेगा। जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में गुरुवार सुबह राजकीय सम्मान (गार्ड ऑफ ऑनर) के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। स्थानीय ग्रामीण अपने लाडले सपूत को अंतिम विदाई देने की तैयारियों में जुटे हैं।