ग्वालियर में सब-इंस्पेक्टर की मां का हैंडबैग चोरी, सोने के जेवर लूटे

एक सब-इंस्पेक्टर की मां के हैंडबैग से सोने के जेवरात चोरी हो गए। यह वारदात तब हुई जब महिला मायके से लौटकर घर पहुंची थीं। पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

पीड़िता का नाम अनीता राय (56 वर्ष) है, जो बहोड़ापुर के हरिहर नगर में रहती हैं। उनकी बेटी छाया राय सब-इंस्पेक्टर हैं और फिलहाल पीटीएस तिघरा में तैनात हैं।

शुक्रवार को अनीता राय अपने मायके अशोक नगर में किसी कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। वहां से कार से शिवपुरी पहुंचीं और फिर बस से झांसी रोड बस स्टैंड आईं। बस स्टैंड से उन्होंने ई-रिक्शा लिया, जिसमें उनके साथ तीन अन्य महिलाएं सवार थीं। एक महिला बीच में उतर गई, जबकि दो महिलाएं बस स्टैंड से ही सवार हुई थीं। ई-रिक्शा से बाड़े पहुंचने के बाद अनीता राय ने ऑटो से घर पहुंचकर हैंडबैग खोला, तो जेवरों से भरा पर्स गायब था। पर्स में तीन तोला का सोने का मंगलसूत्र और एक तोला के कान के टॉप्स थे।

पीड़िता ने बताया कि ई-रिक्शा में बैठी एक महिला उनके बगल में थी और बार-बार उनके पर्स पर नजर रख रही थी। उन्हें इन दो महिलाओं पर शक है। पुलिस को भी संदेह है कि चोरी बस या ई-रिक्शा में ही हुई होगी।

घटना के तुरंत बाद अनीता राय ने झांसी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।