राजधानी भोपाल में वैलेंटाइन डे के अवसर पर पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव का विरोध तेज हो गया है। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को चिनार पार्क पहुंचकर प्रदर्शन किया। लाठियां लेकर जमा हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि कोई जोड़ा सार्वजनिक स्थान पर आपत्तिजनक हरकत करता पाया गया तो उसका सिर मुंडवाकर विरोध जताया जाएगा। संगठन का दावा है कि वे भारतीय संस्कृति, मर्यादा और सम्मान की रक्षा के लिए किसी भी गैर-मर्यादित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
पार्क के आसपास स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व सतर्कता के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और किसी भी हिंसक या अवैध कार्रवाई की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
राष्ट्रीय बजरंग दल ने भी वैलेंटाइन डे के नाम पर होने वाली कथित अश्लीलता के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की है। प्रांत मंत्री राकेश प्रजापति ने कहा कि यदि कोई युवक-युवती सार्वजनिक स्थानों पर “बाबू-सोना” जैसी हरकतें करते पाए गए तो उनका मुंडन कर मुंह काला किया जाएगा और शहर में जुलूस निकाला जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के “शरीर का कोना-कोना तोड़ दिया जाएगा”। संगठन का आरोप है कि वैलेंटाइन डे के बहाने शहर में योजनाबद्ध तरीके से अशोभनीय व्यवहार को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसका वे पुरजोर विरोध करेंगे।
संस्कृति बचाओ मंच ने शहर में 15 निगरानी दस्ते गठित किए हैं, जो होटलों, मॉल्स और पार्कों पर पैनी नजर रखेंगे। मंच ने होटल संचालकों को चेतावनी दी है कि वे वैलेंटाइन डे पर कोई विशेष आयोजन न करें। युवाओं से अपील की गई है कि वे इसके बजाय अगले दिन मनाई जाने वाली महाशिवरात्रि पर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करें।
बजरंग दल ने ऐलान किया है कि 14 फरवरी को शहर के प्रमुख पार्कों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में करीब एक दर्जन टीमें तैनात रहेंगी, जो किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि पर तुरंत सार्वजनिक विरोध दर्ज कराएंगी। संगठनों ने एक दिन पहले ‘दंड पूजन’ कर भी अपना विरोध जताया था।