भोपाल में महिला कांग्रेस का हंगामा: देवड़ा आवास घेराव, पुतला दहन की कोशिश पर पुलिस से टकराव

भोपाल में मध्य प्रदेश की मोहन सरकार द्वारा पेश बजट में महिलाओं को महंगाई से राहत न मिलने के विरोध में आज महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के आवास का घेराव करने का प्रयास किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एकत्र हुईं। उन्होंने ठेले पर स्कूटी और गैस सिलेंडर रखकर नारेबाजी करते हुए देवड़ा के बंगले की ओर मार्च निकाला। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर उन्हें रेडक्रॉस अस्पताल के निकट रोक दिया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री का पुतला दहन करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने इसे रोक दिया। इससे महिला कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। महिलाओं ने आरोप लगाया कि बजट में रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल या अन्य घरेलू जरूरतों पर कोई राहत नहीं दी गई है, जिससे आम महिलाओं को महंगाई का बोझ और बढ़ गया है।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सरकार से महंगाई कम करने और महिलाओं के लिए ठोस राहत पैकेज की मांग की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की।