राहुल गांधी का भोपाल में बड़ा हमला: ‘सरेंडर मोदी’ ने अमेरिका के दबाव में ट्रेड डील की

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जवाहर चौक में आज कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘किसान महाचौपाल’ में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते (ट्रेड डील) को किसानों के हितों के खिलाफ करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमेरिकी दबाव में समझौता करने का गंभीर आरोप लगाया।

राहुल गांधी ने कहा कि यह कोई सामान्य व्यापारिक समझौता नहीं है, बल्कि मजबूरी और दबाव में लिया गया फैसला है। उन्होंने दावा किया कि समझौते के पीछे गौतम अडाणी से जुड़े अमेरिकी मामलों और एपस्टीन फाइल्स जैसी फाइलों का दबाव काम कर रहा है। राहुल ने कहा कि कृषि से जुड़े मुद्दों पर चार महीने तक बातचीत रुकी रही, क्योंकि सरकार नहीं चाहती थी कि अमेरिकी कंपनियां सोयाबीन, कपास और मक्का जैसे उत्पादों को भारतीय बाजार में आसानी से बेच सकें। किसी भी भारतीय किसान को विदेशी कंपनियों द्वारा बाजार पर कब्जा पसंद नहीं है।

उन्होंने दिल्ली में गिरफ्तार यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की और उन्हें ‘बब्बर शेर’ करार देते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध उनका संवैधानिक अधिकार है। राहुल ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि सच्चाई उनके साथ है और वे किसी से नहीं डरेंगे।

राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि लोकसभा में उन्हें महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे चीन की घुसपैठ और पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की पुस्तक में वर्णित बातों पर बोलने से रोका गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र के इतिहास में पहली बार विपक्ष के नेता की आवाज दबाने की घटना बताया।

कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘सरेंडर मोदी’ कहकर निशाना साधा। खड़गे ने कहा कि जो प्रधानमंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस तक नहीं कर पाते, वे केवल विपक्ष को डराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ट्रेड डील को देश और किसानों के साथ छल बताया।