भोपाल में किराए पर दिए शूटिंग कैमरे हड़पने का मामला सामने आया है। कमला नगर क्षेत्र के एक युवक ने लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के कैमरे और लेंस मंडीदीप के एक व्यक्ति को किराए पर दिए, लेकिन आरोपी ने उन्हें समय पर वापस नहीं लौटाए और संपर्क में आने से भी बच रहा है।
फरियादी रितेश आर्य, जो 23वीं बटालियन भदभदा इलाके के निवासी हैं, घर से कैमरा किराए पर देने का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी सुरेंद्र रघुवंशी, जो रायसेन जिले के मंडीदीप थाना क्षेत्र अंतर्गत सतलापुरा का रहने वाला है, पहले भी उनसे नियमित रूप से कैमरे किराए पर लेता था। हाल ही में उसने फिर कैमरे लिए, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी उन्हें वापस नहीं किया। बार-बार फोन करने पर भी कॉल रिसीव नहीं कर रहा है।
रितेश ने कमला नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनके पास आरोपी का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, जो उन्होंने कैमरे सौंपते समय रिकॉर्ड किया था। फिर भी पुलिस ने अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। थाने में जाने पर पुलिस का कहना है कि कैमरे दिलवाना उनका काम नहीं है। रितेश का आरोप है कि यह स्पष्ट रूप से अमानत में खयानत का मामला है। शिकायत के बावजूद कोई FIR दर्ज नहीं हो रही है।