गुरुवार को आई भारी गिरावट के बाद शुक्रवार को सोने और चांदी के वायदा बाजार में जबरदस्त सुधार देखने को मिला। घरेलू मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कॉमेक्स दोनों ही बाजारों में कीमतों ने तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की और दिनभर बढ़त बनाए रखी।
MCX पर अप्रैल सोना वायदा अनुबंध 3,348 रुपये की मजबूती के साथ 1,48,302 रुपये पर खुला, जो पिछले सत्र के बंद भाव 1,44,954 रुपये से काफी ऊपर था। कारोबार के दौरान यह 1,47,406 रुपये के निचले स्तर से उछलकर 1,48,302 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंचा। हालांकि, दिन के अंत में यह लगभग 1,47,754 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। बता दें कि इस साल सोना पहले ही 1,80,779 रुपये के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को छू चुका है।
इसी तरह चांदी के मई वायदा अनुबंध ने भी शानदार प्रदर्शन किया। यह 8,488 रुपये की तेजी के साथ 2,39,948 रुपये पर खुला, जबकि पिछला बंद 2,31,460 रुपये था। कारोबार के दौरान चांदी का उच्च स्तर 2,40,000 रुपये और निचला स्तर 2,38,300 रुपये रहा। खबर लिखे जाने तक यह लगभग 2,38,458 रुपये पर ट्रेड कर रही थी। इस साल चांदी पहले ही 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंच चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी का रुख जारी रहा। कॉमेक्स पर सोना 4,653.90 डॉलर प्रति औंस पर खुला और आगे बढ़कर लगभग 4,697.60 डॉलर तक पहुंच गया। वहीं चांदी 72.83 डॉलर से बढ़कर 74.05 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार करती नजर आई।