पीएम मोदी का चाय बागान दौरा: महिला कामगारों के साथ तोड़ी चाय की पत्तियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम विधानसभा चुनावों के दौरान बुधवार को डिब्रूगढ़ पहुंचकर दिन की शुरुआत एक चाय बागान के दौरे से की। यहां उन्होंने चाय की पत्तियां चुनने वाली महिला कामगारों के साथ हाथ मिलाकर पत्तियां तोड़ीं, उनसे गर्मजोशी से बातचीत की और उनके साथ सेल्फी भी ली।

महिला कामगारों से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उनके अथक परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि चाय बागान के हर परिवार की मेहनत पर हमें गर्व है। उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण ने असम को देश-दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई है। पीएम मोदी ने इस अनुभव को बेहद यादगार बताया और असम की चाय को राज्य की ‘आत्मा’ की संज्ञा दी।

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दौरे की तस्वीरें और अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने लिखा कि असम की चाय ने विश्व स्तर पर अपनी अनोखी पहचान बनाई है। महिला कामगारों ने पीएम मोदी को अपनी स्थानीय संस्कृति के बारे में बताया और उनसे खुलकर बातचीत की। यह दौरा सिर्फ एक औपचारिक यात्रा नहीं बल्कि प्रतीकात्मक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी अक्सर अपने बचपन का जिक्र करते हैं, जब वे अपने पिता के साथ रेलवे स्टेशन पर चाय बेचा करते थे। ऐसे में चाय बागान के कामगारों से उनका यह संवाद उनके व्यक्तिगत अनुभवों से जुड़ाव को भी दर्शाता है।