केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में जोरदार रोड शो किया। उन्होंने दावा किया कि पूरा बंगाल अब ममता बनर्जी को विदाई देने के लिए तैयार है और 5 मई को राज्य में भाजपा की सरकार बन जाएगी।
भवानीपुर से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार ममता बनर्जी के खिलाफ भाजपा के उम्मीदवार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले अमित शाह ने हाजरा मोड़ से रोड शो की शुरुआत की। रोड शो शुरू होने से पहले उन्होंने स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की टीएमसी सरकार की विदाई अब तय है। भवानीपुर के लोगों के हाथ में पूरा बंगाल बदलने की ताकत है।”
अमित शाह ने आगे कहा, “मेरे पास एक शॉर्टकट है। अगर भवानीपुर की एक सीट भाजपा जीत ले, तो पूरे बंगाल में परिवर्तन अपने आप हो जाएगा।” उन्होंने बताया कि सुवेंदु अधिकारी मूल रूप से नंदीग्राम से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन उन्होंने उन्हें सलाह दी कि केवल नंदीग्राम ही नहीं, बल्कि ममता बनर्जी के घर भवानीपुर में जाकर उन्हें हराना चाहिए।
शाह ने याद दिलाया कि 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी से हार गई थीं। उन्होंने कहा, “इस बार ममता बनर्जी पूरे बंगाल में हारेंगी और भवानीपुर में भी हारेंगी।” केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि वह इस बार चुनाव प्रचार के दौरान पूरे 15 दिन बंगाल में रहेंगे।
रोड शो दोपहर 12 बजे हाजरा मोड़ से शुरू हुआ, जो लगभग दो किलोमीटर दूर सर्वे बिल्डिंग के पास समाप्त हुआ। रोड शो के समापन पर सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा के अन्य उम्मीदवारों- चौरंगी से संतोष पाठक और रासबिहारी से स्वप्न दासगुप्ता सहित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
रोड शो में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने भगवा झंडे लहराते हुए ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए, जिससे पूरा इलाका भगवामय दिखाई दे रहा था।
संबोधन में अमित शाह ने कहा कि पूरे बंगाल में हर जगह से एक ही आवाज उठ रही है- “इस सरकार को बदल दो, ममता को बाय-बाय कर दो।” उन्होंने तृणमूल कांग्रेस शासन की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य की जनता तोलाबाजी, गुंडागर्दी, महिलाओं की असुरक्षा, अवैध घुसपैठ से जनसांख्यिकी बदलने, बम-गोलीबारी, युवा बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है।
शाह ने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल से लगने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा और घुसपैठियों को चुन-चुनकर राज्य और देश से बाहर किया जाएगा।