शुक्रवार रात उत्तर भारत के कई राज्यों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.9 मापी गई। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश पर्वतीय क्षेत्र में था।
इस प्राकृतिक आपदा में अफगानिस्तान में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के सदस्य शामिल हैं, जिनकी मौत उनके मकान के गिरने से हुई।
भारत में भूकंप से किसी बड़े जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। हालांकि झटकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लोगों में भारी दहशत फैल गई। रात करीब 9:46 बजे आए झटकों के कारण दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ सहित उत्तर भारत के व्यापक इलाकों में लोग अपने घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए।
कई जगहों पर इमारतों में लटके पंखे, झूमर और अन्य सामान तेजी से हिलते नजर आए। पंजाब के पठानकोट स्थित भुल्ला चौक बाजार में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घर के अंदर लटकाए गए ताले झूलते दिख रहे हैं। यह वीडियो स्थानीय निवासी अनमोल शर्मा ने रिकॉर्ड किया था।
भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। विभिन्न जिलों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अभी तक भारत के किसी भी हिस्से से जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।