रापड़िया बाईपास पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें शादी के लिए लड़की देखकर लौट रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे हुए इस हादसे में ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में लटेरी निवासी गेंदालाल आदिवासी (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, गेंदालाल मजदूरी का काम करते थे और बुधवार दोपहर रिश्तेदारों के साथ 11 मिल बाईपास के पास स्थित एक गांव में शादी के लिए लड़की देखने गए थे। देर रात लौटते समय यह दुर्घटना हो गई।
घटना के समय गेंदालाल बाइक पर पीछे बैठे थे। कटारा हिल्स क्षेत्र के रापड़िया बाईपास पर सामान से लदा एक ट्रक तेज रफ्तार से उनकी बाइक से टकरा गया। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गेंदालाल का एक हाथ शरीर से अलग हो गया और सिर व सीने पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कटारा हिल्स पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक को हिरासत में लिया गया है। गुरुवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।