सोना-चांदी में जोरदार गिरावट, एमसीएक्स पर सोना ₹1,129 सस्ता

गुरुवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नरमी के चलते सोने और चांदी के भावों में गिरावट दर्ज की गई। कीमती धातुओं पर दबाव बनने से दोनों धातुओं के वायदा भाव कमजोर होकर खुले।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का जून वायदा अनुबंध 1,129 रुपये की गिरावट के साथ 1,50,647 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछले सत्र के बंद भाव की तुलना में यह काफी नरम रहा। खबर लिखे जाने तक यह अनुबंध करीब 776 रुपये टूटकर 1,51,000 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान इसने 1,51,452 रुपये का उच्चतम स्तर और 1,50,647 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस साल अब तक सोना 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्च स्तर तक पहुंच चुका है।

चांदी के भावों में भी काफी गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर चांदी का मई वायदा अनुबंध 4,068 रुपये की भारी गिरावट के साथ 2,35,850 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। खबर लिखे जाने के समय यह करीब 3,793 रुपये नीचे 2,36,125 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर ट्रेड कर रहा था। दिन के दौरान चांदी ने 2,36,187 रुपये का उच्चतम और 2,35,133 रुपये का निचला स्तर देखा। इस वित्तीय वर्ष में चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वोच्च स्तर तक जा चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव नजर आ रहा है। कॉमेक्स पर सोना 4,744.80 डॉलर प्रति औंस पर खुला और बाद में 4,752.70 डॉलर के आसपास कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी 74.30 डॉलर प्रति औंस पर खुलकर 74.27 डॉलर के स्तर पर ट्रेड कर रही थी।