पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी किया ‘भरोसा पत्र’

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने इसे ‘भरोसा पत्र’ नाम दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान इस घोषणापत्र को सार्वजनिक किया।

अमित शाह ने कहा कि यह भरोसा पत्र बंगाल में ‘सोनार बांग्ला’ बनाने की दिशा में मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि पिछले 15 सालों में राज्य की जनता की आकांक्षाओं को पूरा नहीं किया गया, जिसके कारण अब बदलाव की मांग और तेज हो गई है।

महिलाओं और युवाओं के लिए प्रमुख वादे

बीजेपी के घोषणापत्र में महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक मदद देने का बड़ा ऐलान किया गया है। यह राशि हर महीने की 1 से 5 तारीख के बीच सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

इसी तरह, बेरोजगार युवाओं को भी हर महीने 3,000 रुपये का भत्ता देने का वादा किया गया है। पार्टी ने दावा किया है कि सत्ता में आने पर राज्य में एक करोड़ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे।

सरकारी कर्मचारियों को सौगात

सरकारी कर्मचारियों के लिए भी बीजेपी ने अहम घोषणाएं की हैं। अमित शाह ने कहा कि बकाया महंगाई भत्ता (डीए) का भुगतान किया जाएगा और सरकार बनते ही 45 दिनों के अंदर सातवें वेतन आयोग को लागू कर दिया जाएगा।

सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर फोकस

घोषणापत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी ने घुसपैठ पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने, सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित करने, गौ-तस्करी पर सख्ती और नदियों-नालों में पेट्रोलिंग बढ़ाने का वादा किया है।

अन्य प्रमुख घोषणाएं

  • 6 महीने के अंदर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करना
  • महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड’ का गठन
  • महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
  • सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण
  • पहले 100 दिनों में औद्योगिक विकास का रोडमैप तैयार करना
  • उत्तर बंगाल के विकास पर विशेष ध्यान और दार्जिलिंग चाय को वैश्विक ब्रांड बनाने का लक्ष्य
  • भ्रष्टाचार और माफिया राज को खत्म करने के लिए समयबद्ध योजना

अमित शाह ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बंगाल की जनता बीजेपी को पूर्ण बहुमत देगी और राज्य में नई सरकार बनकर विकास एवं सुशासन के नए मानक स्थापित करेगी।