मणिपुर में 5.2 तीव्रता का भूकंप, जापान में सुनामी अलर्ट

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, सुबह 5:59 बजे मणिपुर के कामजोंग जिले में 5.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र जमीन से करीब 62 किलोमीटर नीचे था। सुबह-सुबह आए झटकों से लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि राज्य के किसी भी हिस्से से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

दूसरी ओर, जापान में आए तेज भूकंप के बाद समुद्री लहरों ने तटीय क्षेत्रों को प्रभावित किया। जापानी मौसम विज्ञान के मुताबिक, इवाते प्रांत के कुजी बंदरगाह पर करीब 80 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी लहरें दर्ज की गईं। शाम 4:53 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता जापान के भूकंपीय पैमाने पर 7 में से ऊपरी स्तर 5 मापी गई, जबकि इसका केंद्र लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एजेंसी ने पहले ही ऐसे झटकों की आशंका जताई थी और पिछले एक सप्ताह से चेतावनी जारी कर रही थी। साथ ही होक्काइडो, आओमोरी और इवाते के प्रशांत तटीय इलाकों के लिए सुनामी अलर्ट भी जारी किया गया है, जहां 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई गई है।