उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम इलाके स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। आग 9वीं मंजिल से शुरू हुई और तेजी से ऊपर की ओर फैलते हुए 13वीं मंजिल तक पहुंच गई। घटनास्थल से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था।
सुबह करीब 8:30 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निवासी अपने फ्लैट छोड़कर सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। हालांकि, दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और सोसाइटी के अग्निशमन सिस्टम के सही से काम करने की वजह से किसी बड़ी जान-माल की हानि टल गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी और पुलिस आयुक्त व जिलाधिकारी को मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करने को कहा।
दमकल की लगभग 20 गाड़ियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और प्रभावित इमारत को ठंडा करने का काम जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत 9वीं मंजिल से हुई थी। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग लगने की बात कही जा रही है, लेकिन कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
फायर अधिकारियों ने बताया कि सोसाइटी का फायर अलार्म सिस्टम तुरंत सक्रिय हो गया, जिससे निवासियों को समय पर चेतावनी मिल गई और वे सुरक्षित बाहर निकल सके। इस घटना में कुल आठ फ्लैट प्रभावित हुए हैं। किसी भी व्यक्ति के अंदर फंसे होने की सूचना नहीं है। हालांकि, एहतियात के तौर पर एक बुजुर्ग व्यक्ति को अस्पताल भेजा गया है, जो पहले से ही बीमार थे।
दमकल कर्मियों को शुरुआत में ऊपरी मंजिलों तक पानी पहुंचाने में कुछ दिक्कत का सामना करना पड़ा क्योंकि पार्क की दीवार बाधा बन रही थी, लेकिन बाद में टीम ने स्थिति को सफलतापूर्वक नियंत्रित कर लिया।
अब आग पूरी तरह बुझ जाने के बाद अधिकारियों द्वारा सभी प्रभावित फ्लैटों का निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें नुकसान का आकलन और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जाएगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें काफी भयावह थीं और दूर से ही साफ दिख रही थीं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।