सोने-चांदी में जोरदार तेजी,  चांदी 1,000 रुपये ऊपर 

गुरुवार को सोने और चांदी के वायदा भावों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। घरेलू मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कॉमैक्स बाजार में भी कीमती धातुओं के भाव मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे, जिससे निवेशकों के बीच उत्साह का माहौल बना हुआ है।

MCX पर सोने का जून वायदा अनुबंध 449 रुपये की बढ़त के साथ 1,49,499 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछले सत्र में इसका बंद भाव 1,49,050 रुपये था। खबर लिखे जाने तक यह 415 रुपये की तेजी बनाए रखते हुए 1,49,465 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान सोने ने 1,49,526 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ, जबकि निचला स्तर 1,49,465 रुपये रहा। बता दें कि इस साल सोना अब तक 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम का सर्वोच्च स्तर देख चुका है।

चांदी के वायदा भाव में भी तेज उछाल देखने को मिला। MCX पर मई अनुबंध 1,902 रुपये की बड़ी बढ़त के साथ 2,35,102 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 2,33,200 रुपये था। लेख लिखे जाने तक यह 1,028 रुपये की तेजी के साथ 2,34,228 रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान चांदी का उच्चतम स्तर 2,35,102 रुपये और निचला स्तर 2,34,228 रुपये रहा। इस साल चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के अपने उच्चतम स्तर तक जा चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में सकारात्मक रुख बना हुआ है। कॉमैक्स पर सोने का भाव 27.90 डॉलर की बढ़त के साथ 4,589.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। यह 4,557 डॉलर पर खुला था, जबकि पिछले सत्र का बंद भाव 4,561.50 डॉलर प्रति औंस था। इस साल सोना 5,586.20 डॉलर प्रति औंस के उच्च स्तर तक पहुंच चुका है।

इसी तरह चांदी के वायदा भाव में 1.27 डॉलर की तेजी आई और यह 72.84 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। चांदी 71.38 डॉलर पर खुली थी और इसका पिछला बंद भाव 71.56 डॉलर था। इस साल चांदी ने 121.79 डॉलर प्रति औंस का सर्वोच्च स्तर छुआ था।