ट्रंप बोले- ईरान का 14-पॉइंट प्लान स्वीकार्य नहीं, गलती हुई तो दोबारा हमला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान द्वारा भेजे गए नए शांति प्रस्ताव की समीक्षा करने की पुष्टि की है, लेकिन साफ कहा है कि यह प्रस्ताव उनके लिए स्वीकार्य नहीं लग रहा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान कोई गलती करता है या उकसावे वाली हरकत करता है तो अमेरिका दोबारा सैन्य कार्रवाई कर सकता है।

ट्रंप ने फ्लोरिडा से एयर फोर्स वन में सवार होने से पहले मीडिया से बात करते हुए कहा कि ईरान का प्रस्ताव उनके पास पहुंच गया है और वे जल्द ही इसकी विस्तार से समीक्षा करेंगे। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि यह डील के लायक नहीं होगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि ईरान ने पिछले कई दशकों में दुनिया के खिलाफ जो किया, उसकी पूरी कीमत अभी नहीं चुकाई है।

ईरान का प्रस्ताव

ईरान ने पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को 14 सूत्री योजना सौंपी है। इसमें युद्ध को हमेशा के लिए खत्म करने, क्षेत्रीय सुरक्षा गारंटी देने, अमेरिकी सैनिकों की वापसी, होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी हटाने, फ्रोजन संपत्तियों की रिहाई, प्रतिबंध हटाने और मुआवजे जैसी प्रमुख मांगें शामिल बताई जा रही हैं। ईरान 30 दिनों के अंदर पूरे मुद्दे सुलझाने पर जोर दे रहा है और लेबनान समेत सभी मोर्चों पर लड़ाई बंद करने की बात कह रहा है। ट्रंप प्रशासन पहले ही ईरान को 9 सूत्री प्रस्ताव दे चुका था, जिसका जवाब अब तेहरान ने यह नया प्लान देकर दिया है।